गाजीपुर। प्रदेश में नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म सोमवार से लागू हो गए हैं। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मंगलवार को जनपद गाजीपुर में पदयात्रा कर व्यापारियों और ग्राहकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सबसे पहले राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआबाग से पदयात्रा की शुरुआत की और रास्ते में विभिन्न कारोबारी प्रतिष्ठानों पर जाकर व्यापारियों व ग्राहकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें जीएसटी सुधारों के बारे में जानकारी दी और कहा कि मोदी सरकार से उपहार स्वरूप घटी जीएसटी का लाभ ग्राहकों तक अवश्य पहुँचाया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने स्वयं एक प्रतिष्ठान पर जीएसटी रिफॉर्म का स्टीकर मुख्य द्वार पर चस्पा किया और व्यापारियों से संवाद किया। उन्हें बताया गया कि कुछ वस्तुओं पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत कर दी गई है, जबकि कुछ वस्तुओं पर जीएसटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि “यह कदम आपके कारोबार को और मजबूत करेगा, इसलिए ग्राहकों तक इसका लाभ जरूर पहुँचाएँ।” उन्होंने व्यापारियों से आह्वान किया कि अपने प्रतिष्ठानों पर ‘घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार’ तथा ‘कम जीएसटी का लाभ उठाओ, स्वदेशी उत्पाद घर लाओ’ जैसे संदेशों वाले पोस्टर लगाएँ ताकि ग्राहकों में जागरूकता बढ़े।पदयात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री के साथ राज्य सभा सांसद डा. संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, अध्यक्ष जिला पंचायत सपना सिंह, पूर्व विधायक जमानियां सुनीता सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, ब्लाक प्रमुख राजन सिंह, राकेश त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार व पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा भी इस अवसर पर पदयात्रा में शामिल हुए।