गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। बैठक से पूर्व जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं एक जनपद एक उत्पाद के तहत जूट वॉल हैंगिंग भेंट कर किया। तत्पश्चात डीएम ने जनपद में संचालित योजनाओं की जानकारी पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की।उप मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन अनिवार्य है।
सड़कों और निर्माण कार्यों पर विशेष जोर
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता से सड़कों की लंबाई, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खराब सड़कों की मरम्मत के प्रस्ताव तत्काल भेजे जाएं और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। जिन परियोजनाओं में देरी हो रही है, वहाँ कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
बिजली विभाग को चेतावनी
विद्युत विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब ट्रांसफॉर्मर को निर्धारित समय में बदला जाए और ओवरबिलिंग की शिकायत कतई न आए। उन्होंने निर्देश दिया कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का निवारण कैम्प लगाकर किया जाए और किसानों के लिए अलग फीडर की व्यवस्था हेतु प्रस्ताव भेजा जाए।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर निर्देश
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने डीबीटी, स्मार्ट क्लासेज, कायाकल्प, बाउंड्रीवाल आदि योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने शिक्षकों को समय से विद्यालय में उपस्थित रहने और अभिभावकों से संवाद स्थापित कर नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मेडिकल कॉलेज में बढ़ती ओपीडी संख्या पर उन्होंने संतोष जताया और दवाओं, रेबीज व एंटी वेनम इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सीएचसी/पीएचसी पर डॉक्टर की अनुपलब्धता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अस्पतालों में स्वच्छता बनी रहनी चाहिए।
अन्य विभागों की समीक्षा
गो-आश्रय स्थलों, कृषि विभाग और अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई। साथ ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा से लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति की जानकारी ली गई। बैठक में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, अध्यक्ष जिला पंचायत सपना सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, राकेश त्रिवेदी समेत तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।