गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक लखनऊ के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत गाजीपुर में बड़ी सफलता हासिल हुई है। मॉनिटरिंग सेल व अभियोजन पक्ष की लगातार प्रभावी पैरवी के चलते हत्या के एक मामले में आरोपी को कठोर सजा सुनाई गई है।
मामला थाना बरेसर क्षेत्र का है, जहाँ मु0अ0सं0 30/2022 धारा 302 भादवि के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में अभियुक्त सतेन्द्र राम पुत्र महेश राम निवासी ग्राम सागापाली दयाल सिंह, थाना बरेसर जनपद गाजीपुर को न्यायालय ने दोषी करार दिया। मंगलवार को माननीय न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए अभियुक्त को आजीवन कारावास तथा 1,00,000/- रुपये अर्थदंड की सजा से दंडित किया। यह कार्रवाई ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने के प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।