गाजीपुर| गाजीपुर अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से लीला के छठवें दिन भगवान श्री राम की शोभा यात्रा हरिशंकरी से प्रारंभ हुई और पहाड़खां स्थित श्री राम जानकी मंदिर पर जाकर समाप्त हुई।
लीला के अनुसार प्रभु श्री राम, लक्ष्मण और माता सीता अपने माता-पिता की आज्ञा लेकर गुरु महर्षि वशिष्ठ के आश्रम से वन प्रदेश के लिए प्रस्थान करते हैं। उनके साथ महर्षि वशिष्ठ और अयोध्यावासी भी वनवास के लिए रवाना होते हैं। श्री राम, लक्ष्मण और सीता हरिशंकरी से महाजन टोली स्थित हरि कृष्ण दास सर्राफ के मकान के समीप रथ पर सवार होकर शोभा यात्रा प्रारंभ करते हैं। यात्रा में रामजी की लीला की न्यारी धुन पर बैंड बाजा बजता रहा, और श्रद्धालु भक्तजन रास्ते भर भजन करते हुए यात्रा में सम्मिलित हुए। शोभा यात्रा झुन्नुलाल चौराहा, आमघाट, राजकीय महिला महाविद्यालय, ददरी घाट चौक, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआबाग चौक होते हुए विशेश्वरगंज स्थित पहाड़खां के पोखरा के समीप श्री राम जानकी मंदिर पर समाप्त हुई। यात्रा में कमेटी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, उप मंत्री पं. लवकुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी, उपप्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल सहित अन्य सदस्य शामिल थे।