जमानियां। नारी शक्ति मिशन (मिशन शक्ति) के अंतर्गत महिलाओं और बच्चियों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर में विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कालेज के पास स्थित पिंक बुथ पर शिकायत पेटिका लगाई गई।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक अभिनव गुप्ता ने बताया कि शिकायत पेटिका लगाने का मुख्य उद्देश्य उन पीड़ित महिलाओं की मदद करना है, जो अपनी समस्याएं खुलकर नहीं बता पातीं। अब वे इस पेटिका में आवेदन डालकर सीधे पुलिस तक अपनी बात पहुँचा सकती हैं। वहीं रविकांत सिंह ने कहा कि अभियान का मकसद महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। इसी कड़ी में नगर के सार्वजनिक स्थानों पर भी पत्र पेटिकाएं स्थापित की जा रही हैं।अभियान के तहत पुलिस कर्मियों द्वारा गांवों और नगर क्षेत्रों में चौपाल लगाकर, पर्चे वितरित कर तथा स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 100, 108, 1098 और 1930 की भी जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में एसआई अभिनव गुप्ता, दीवान मिथिलेश सिंह, रमन और रतन कुमार सरोज सहित कई पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।