जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के बडेसर स्थित दैत्रावीर बाबा मंदिर के पास गुरुवार रात लगभग 9 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार नगर के बुद्धिपुर कोट निवासी नौसाद (25) स्टेशन बाजार से बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान आगे चल रही सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे नौसाद की बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से टकरा गई और वह ट्रॉली के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक नौसाद तीन भाइयों में सबसे छोटा था और दिलदारनगर में दुकान चलाता था। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।