जमानियां (गाजीपुर)। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत ग्राम दाउदपुर स्थित आदित्य इंटर कॉलेज में एक अनोखी पहल के तहत कक्षा बारहवीं की छात्रा पूजा तिवारी को एक दिन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मसम्मान, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता का विकास करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमनरायण राय ने अपने प्रशासनिक एवं शैक्षणिक दायित्व सौंपते हुए पूजा तिवारी को सम्मानपूर्वक प्रधानाचार्य की कुर्सी पर बैठाया। उन्होंने पूजा को विद्यालय संचालन संबंधी कार्यों से भली-भांति अवगत कराया और उनके कुशल संचालन की सराहना की। श्री राय ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को सशक्त बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता पखवाड़ा एवं रैलियों का आयोजन 31 अक्टूबर तक निरंतर जारी रहेगा।प्रधानाचार्य के रूप में दायित्व संभालते हुए पूजा तिवारी ने शिक्षक-कर्मचारी उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा छात्राओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए गुरुजनों और छात्राओं से अपील की कि विद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखें, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र-छात्राएं विद्यालय में मोबाइल न लाएं और कक्षा खाली होने पर भी अध्ययन में लगे रहें।इस अवसर पर सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे और छात्राओं ने भी इस पहल से प्रेरणा प्राप्त की।