गाजीपुर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अन्तर्गत शनिवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं को स्थानीय थानों और सरकारी दफ्तरों में जिम्मेदारी सौंपकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासन द्वारा निर्धारित आज की थीम “बालिकाओं को निकट के थाने/कोतवाली का भ्रमण कर कानूनी जानकारी प्रदान करना” रही। पी.एम. श्री विद्यालय भदौरा की छात्रा को कोतवाली गहमर में एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी श्रीमती नेहा पाण्डेय एवं एसएचओ शैलेष मिश्रा ने अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और उपस्थित आमजन से विचार साझा किए। इसी प्रकार पी.एम. श्री विद्यालय मरदह की छात्रा को थाना मरदह में जिम्मेदारी सौंपी गई और वहां भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।
थाना मोहम्मदाबाद में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा रिमझिम यादव को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाकर थाना दिवस पर जनसुनवाई कराई गई। वहीं, थाना भांवरकोल में ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल हाईस्कूल की छात्रा शिवांगी मिश्रा को प्रभारी नियुक्त कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जमानियां की कक्षा 8 की छात्रा नंदिनी को एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी जमानियां का दायित्व सौंपा गया। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जखनियां, सैदपुर, जमानियां, मोहम्मदाबाद और मरदह की छात्राओं को भी स्थानीय थाना/कोतवाली का भ्रमण कराया गया तथा उन्हें मुख्य पद पर आसीन कराते हुए मिशन शक्ति अभियान और उसकी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के अन्तर्गत छात्राओं को न केवल थानों, बल्कि बैंकों एवं अन्य सरकारी विभागों में भी उच्च पदों पर आसीन कराया जा रहा है, ताकि वे नेतृत्व का अनुभव प्राप्त कर सकें और समाज को जागरूक कर सकें। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत 30 सितम्बर, 2025 तक विभिन्न थीमों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।