जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के सबलपुर कला गांव में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव निवासी भीम यादव की 17 वर्षीय पुत्री प्रीति यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किशोरी को दुपट्टे से छत की कड़ी से लटकते हुए नीचे उतारकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार मृतका जनता इंटर कॉलेज जीवपुर में कक्षा 12 की छात्रा थी। परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।