जमानियां। धरम्मरपुर स्थित गंगा नदी पर बने पक्के पुल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच हाइवे विभाग ने एक बार फिर हाईट बैरियर लगा दिया है। विभागीय आदेश के बाद कोतवाली प्रभारी की देखरेख में एप्रोच मार्ग पर बैरियर स्थापित किया गया।
जानकारी के अनुसार, पुल की संरचना पर लगातार बढ़ते दबाव और नुकसान को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पूर्व में लगाया गया बैरियर कुछ समय पहले हटा दिया गया था। इसके चलते ओवरलोड ट्रकों का आवागमन दोबारा शुरू हो गया था और पुल की सुरक्षा पर संकट गहराने लगा था।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन अपनी सहूलियत और इच्छा के अनुसार कभी बैरियर हटा देता है और फिर दोबारा लगा देता है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी रहती है।अधिकारियों के मुताबिक, भारी वाहनों के दबाव से पुल में दरारें आने लगी थीं। ऐसे में बैरियर का दोबारा लगना पुल की दीर्घकालिक सुरक्षा और उसकी उम्र बढ़ाने के लिए जरूरी कदम है। अब इस पुल से ओवरलोड वाहन नहीं गुजर पाएंगे, जिससे भविष्य में संभावित हादसों और बड़े नुकसान से बचाव हो सकेगा।