जमानियां। कंपोजिट विद्यालय हेतिमपुर की कक्षा 8 की छात्रा दिव्या कुमारी पुत्री विंध्याचल बिंद गुरुवार को एक दिन के लिए थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठी। यह पहल उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत की गई, जिसका उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
थाना प्रभारी की भूमिका निभाते हुए छात्रा दिव्या ने थाना परिसर में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य और जीवन कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुपूरक पुष्टाहार कार्यक्रम से स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा गया है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और परिवार की आय में भी वृद्धि हुई है।उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान महिलाओं और बच्चियों के स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम है। इस अवसर पर उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता, सिपाही सुधीर शुक्ला, दुर्गेश कुमार, अभय कुमार, दीपक मिश्रा सहित अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।