गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार महिला सशक्तिकरण हेतु संचालित “मिशन शक्ति अभियान फेज-05” के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में व्यापक सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया गया।इस क्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित दुर्गा माता के मंदिरों और पंडालों में पहुंचकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया गया तथा पम्पलेट वितरित कर उन्हें मिशन शक्ति की जानकारी दी गई। पुलिस प्रशासन ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करने का संदेश दिया।
साथ ही, मिशन शक्ति केंद्रों पर महिला जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बालिकाओं और महिलाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।अभियान के दौरान हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर धर्म/जाति या सरकारी प्रतीकों का उपयोग करने वाले वाहनों एवं स्टंट करने वालों के विरुद्ध चेकिंग कर कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ की मदद से जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान आगामी 2 अक्टूबर 2025 तक जारी रहेगा।