ग़ाज़ीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी गाजीपुर के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ‘बच्चा’ ने बताया कि आगामी 2 अक्टूबर को रामलीला मैदान, लंका में सायं 7:30 बजे से राम-रावण युद्ध का मंचन किया जाएगा। इसके उपरांत प्रभु श्रीराम द्वारा रावण वध की लीला प्रस्तुत होगी। इस अवसर पर कमेटी के संरक्षक एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार तथा सह संरक्षक एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलाधिकारी अविनाश कुमार द्वारा रात 8:00 बजे बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ‘बच्चा’ ने जानकारी दी कि जिन दुर्गा प्रतिमाओं को प्रभु श्रीराम की आरती करानी है, उन्हें शाम 7:15 बजे तक लंका मैदान के चार नंबर गेट से प्रवेश करना होगा। इसके बाद आरती पूजन संभव नहीं होगा, क्योंकि उसी समय प्रभु श्रीराम युद्धस्थल के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने गाजीपुरवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला और रावण दहन के अद्भुत नज़ारे के साक्षी बनें और शांतिपूर्ण ढंग से लीला मंचन का आनंद लें। विशेष रूप से, राम-रावण युद्ध और रावण दहन का सजीव प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से भी किया जाएगा।