गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार महिला सशक्तिकरण हेतु चलाए जा रहे “मिशन शक्ति अभियान” फेज-05 के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में आज दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत दुर्गा माता मंदिरों और पंडालों में पहुंचकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया गया तथा पम्पलेट वितरित कर उन्हें मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर व सुरक्षित बनाने हेतु जागरूकता का संदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा का माहौल बनाया गया। सभी थाना क्षेत्रों में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों पर महिला जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद/बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक महिलाओं को अभियान से जोड़ने हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण व चेकिंग कर शोहदों के विरुद्ध कार्यवाही की। साथ ही थाना क्षेत्रों में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर धर्म, जाति अथवा शासकीय प्रतीक चिन्ह अंकित करने वाले तथा स्टंट करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-05 अभियान के तहत स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ बल की मदद से यात्रियों एवं आमजन को महिला सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।