गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण एवं बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और जागरूकता को लेकर मिशन शक्ति फेज-05 के अन्तर्गत मंगलवार को जिले के विभिन्न विकास खण्डों एवं पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों में पीआरडी स्वयंसेवकों एवं महिला मंगल दलों की सक्रिय भागीदारी रही। यह आयोजन ग्राम पंचायत सोन्हुलियां, पंचायत भवन मउपारा, ग्राम पंचायत बुढ़नपुर, ग्राम पंचायत लवलहां, ग्राम पंचायत उचौरी, इंटर कॉलेज आतमपुर छपरा, पंचायत भवन हरिहपुर मुहम्मदाबाद, श्रीराम प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानपुर, ग्राम पंचायत शेरपुर कलां, ग्राम पंचायत सोनहरा, इंटर कॉलेज करंडा, ग्राम पंचायत बीरबलपुर, ग्राम पंचायत गंगौली, ग्राम पंचायत दरौली, ग्राम पंचायत रेवतीपुर, विकास खण्ड सदर और बाबा विश्वनाथ इंटर कॉलेज मर्दानपुर में आयोजित हुए।
कार्यक्रमों में छात्राओं एवं महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए हर चुनौती का सामना करने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों की जानकारी दी गई, जिनमें 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1090 महिला पावर लाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड लाइन शामिल हैं। छात्राओं और महिलाओं ने गंभीरता से कार्यक्रम में भाग लिया और इस जानकारी पर अमल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन कम से कम एक ग्राम पंचायत में महिला सशक्तिकरण से जुड़ा कार्यक्रम सुनिश्चित किया जाए।