जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर गांव में नाली की सफाई को लेकर पट्टीदारों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान तीन सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की, जिस पर उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश के बाद मंगलवार को पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम जीवपुर निवासी जयप्रकाश ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि बीते 4 अगस्त की सुबह वह अपने भाइयों प्रेमप्रकाश और मुदीत कुमार के साथ नाली साफ कर रहे थे। इसी दौरान पट्टीदार वकील राम, उनकी पत्नी उर्मिला देवी, पुत्र करन और पुत्री ज्योति ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर चारों ने लाठी-डंडों से हमला कर घर में घुसकर तीनों भाइयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जयप्रकाश के अनुसार शोर-शराबा सुनकर गांववाले मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां से सदर अस्पताल गाजीपुर होते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कराया गया। आरोप है कि मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।