गाजीपुर। विकास भवन सभागार, गाजीपुर में शनिवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण और अधिकारों पर आधारित एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल रहीं।
कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों और सहायता कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। मुख्य अतिथि श्रीमती सरिता अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शासन महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने महिलाओं से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला कल्याण विभाग से प्रियंका प्रजापति, नेहा राय, गीता श्रीवास्तव सहित अन्य कार्मिक, महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्याएँ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएँ मौजूद रहीं।