गाजीपुर। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में परिवहन विभाग, गाजीपुर द्वारा “ड्राइविंग माय ड्रीम” कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, गाजीपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन परिवहन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। इस पहल के तहत महिलाओं को 03 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2025 तक निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण की सुविधा दी जा रही है। आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। आज पहले ही दिन कुल 24 महिलाओं ने प्रशिक्षण हेतु पंजीकरण कराया। प्रशिक्षण के साथ ही महिलाओं को ड्राइविंग टेस्ट दिलाकर ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
उपलब्ध सुविधाएँ:
हेवी व्हीकल प्रशिक्षण : पूर्णतः निःशुल्क
लाइट मोटर व्हीकल (एलएमवी) प्रशिक्षण : 25% छूट
यह सुविधा 11 अक्टूबर 2025 तक उपलब्ध रहेगी।
महिलाओं को जानकारी हेतु परिवहन विभाग का टोल फ्री नंबर 149 तथा चैटबॉट नंबर 8005441222 जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल महिलाओं को यातायात नियमों की बेहतर जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर परिवहन विभाग से पीटीओ लव कुमार सिंह, सम्भागीय निरीक्षक आलोक यादव, अरविंद सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी तथा महिला कल्याण विभाग एवं हब फॉर एम्पावरमेंट यूनिट के कार्मिक उपस्थित रहे।