गाजीपुर| अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर सहकारिता विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से 12 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक सदस्यता महाअभियान 2025 चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत किसान मात्र 21 रुपये सदस्यता शुल्क और न्यूनतम दो शेयर (200 रुपये मूल्य) का भुगतान कर संबंधित समिति के सदस्य बन सकते हैं। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विपिन कुमार सिंह ने बताया कि सदस्य बनने पर किसानों और ग्रामीणों को आसान वित्तीय सेवाएं, कम ब्याज पर ऋण, सरकारी सब्सिडी का लाभ, सामुदायिक विकास में भागीदारी तथा आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी। साथ ही केवल 100 रुपये में बचत खाता खोलने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सुविधा सशक्त होगी।
उन्होंने बताया कि नए व पुराने दोनों सदस्य 5 रुपये में कृषक पंजिका प्राप्त कर सकते हैं। यह पंजिका भविष्य में समिति और किसान के बीच होने वाले समस्त व्यवसाय व लेन-देन का आधार बनेगी। श्री सिंह ने आगे कहा कि भविष्य में सहकारी समिति से केवल उन्हीं किसानों को उर्वरक मिलेगा जो समिति के सदस्य होंगे और जिनके नाम से भूमि दर्ज होगी। साथ ही समिति के कर्जदार किसानों को उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।उल्लेखनीय है कि रबी अभियान 2025-26 प्रारम्भ हो चुका है। जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा समितियों को उर्वरक आवंटित कर दिया गया है और प्रेषण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में अधिक से अधिक किसानों को अपनी नजदीकी सहकारी समिति में सदस्यता ग्रहण कर सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।