जमानिया, गाजीपुर। नगर के कस्बा बाजार स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार विभिन्न शस्त्रों का विधिवत पूजन संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में नगर संघ संचालक श्रीनिवास ने शस्त्र पूजन संपन्न कराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शस्त्र केवल सुरक्षा और आत्मरक्षा का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह धर्म, संस्कृति और राष्ट्र रक्षा के संकल्प का भी द्योतक है। धर्म जागरण प्रमुख गोविंद दास ने अपने उद्बोधन में कहा कि शस्त्र पूजन की परंपरा सनातन संस्कारों से जुड़ी हुई है। यह पराक्रम, साहस और अनुशासन की सीख प्रदान करता है। उन्होंने यह भी बताया कि विजयदशमी के दिन ही संघ की स्थापना हुई थी और इस वर्ष संघ ने अपने 100 वर्ष पूर्ण किए हैं। इस उपलक्ष्य में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस अवसर पर मुन्ना गुप्ता, पवन जायसवाल, अरविंद वर्मा, सतीश वर्मा, नवीन तथा नगर कार्यवाह माधव पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।