गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार संचालित मिशन शक्ति-05 अभियान के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित दुर्गा माता मंदिरों पर महिलाओं के लिए सुरक्षा व जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए तथा उन्हें पंपलेट वितरित किए गए।
इसी क्रम में थाना क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल ने पैदल गश्त कर लोगों को मिशन शक्ति के उद्देश्य से अवगत कराया। साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों पर महिला जनप्रतिनिधियों से संवाद कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन की एंटी-रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण व चेकिंग अभियान चलाया। शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं वाहन चेकिंग अभियान में हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर जाति, धर्म या शासकीय प्रतीक चिन्ह अंकित करने वाले और स्टंटबाजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त स्थानीय रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ बल की मदद से यात्रियों एवं जनमानस को मिशन शक्ति अभियान के बारे में जागरूक किया गया।