जमानियां। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी का पर्व सोमवार को नगर में बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले के धू-धू कर जलते ही पूरा मैदान जयश्रीराम के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर कलाकारों ने राम-रावण युद्ध का जीवंत मंचन प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। करीब एक घंटे तक चले मंचन के बाद भगवान श्रीराम के बाण से रावण वध हुआ और तत्पश्चात श्रीराम ने विभीषण को लंका की राजगद्दी सौंपी।दशहरा मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, तहसीलदार राम नारायण वर्मा तथा नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार लगातार मैदान और मेले का भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।इस दौरान नगर के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मां दुर्गा के विविध स्वरूपों का दर्शन-पूजन किया गया। शाम को हुई आकर्षक आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया और पूरे नगर में पर्व का उल्लास छा गया।