जमानियां। दीपावली और त्योहारी सीजन को देखते हुए सोमवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया एवं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र में अस्थाई पटाखा दुकानों की जांच की। इस दौरान सुरक्षा मानकों एवं अनुमति की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।

जांच के दौरान इस्तियाक अहमद एवं रियाज अहमद की दुकानों पर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण पाए जाने पर अधिकारियों ने छापा मार कार्रवाई की। मौके से बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए गए और दोनों दुकानदारों की अस्थायी अनुमति निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अन्य अस्थायी पटाखा विक्रेताओं को भी चेतावनी दी गई कि वे निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखों का भंडारण न करें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें। एसडीएम ज्योति चौरसिया ने कहा कि “त्योहार के समय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
