जमानियां। थाना गहमर क्षेत्र से जुड़े एक मामले में एफआईआर दर्ज न होने को लेकर अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। इसी को लेकर स्थानीय बार एसोसिएशन जमानियां की एक आवश्यक बैठक सोमवार को तहसील परिसर स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अधिवक्ता अजय कुमार राय से संबंधित प्रकरण में प्रशासन द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर अधिवक्ताओं ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में बताया गया कि अधिवक्ता अजय कुमार राय के विरुद्ध थाना गहमर में झूठी एफआईआर दर्ज की गई थी, जबकि उनके द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर पुलिस प्रशासन द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया। अधिवक्ताओं ने इसे प्रशासन का उदासीन रवैया बताते हुए विरोध जताया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि यदि अधिवक्ता के प्रार्थना पत्र पर एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तो अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। चूंकि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, इसलिए अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल और धरना प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है।
अधिवक्ताओं ने तहसील गेट पर धरना शुरू कर दिया है और चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन अधिवक्ता अजय कुमार राय के प्रार्थना पत्र पर उचित कार्रवाई नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।धरना-प्रदर्शन की सूचना पर उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया और तहसीलदार रामनरायण वर्मा मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अधिवक्ता की तहरीर पर उच्चाधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर सचिव अमरनाथ राम, उपाध्यक्ष सुनील कुमार, कमलकांत राय, उदय नारायण सिंह, मेराज हसन, फैसल होदा, मुनेश सिंह, अरविंद कुमार, पंकज तिवारी, दिग्विजय नाथ तिवारी, मिथिलेश सिंह, शशिभूषण राय, रवि प्रकाश, सुनील कुमार, बृजेश ओझा, घनश्याम कुशवाहा, संजय यादव, रमेश यादव आज़ाद समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।