गाज़ीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक निर्णय के तहत विश्वविद्यालय की मनोविज्ञान विषयक अध्ययन परिषद का पुनर्गठन किया गया है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने नियम विरुद्ध गठित पूर्व परिषद को भंग करते हुए, पी.जी. कॉलेज, गाज़ीपुर के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिंह को नया संयोजक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 68 के अधीन, महामहिम राज्यपाल के समक्ष लंबित प्रकरण (संदर्भ संख्या 35/2024, डॉ. मनोज कुमार सिंह बनाम मा. कुलपति) के क्रम में की गई है। इस निर्णय का शिक्षाविदों और छात्रों के बीच स्वागत किया जा रहा है। नव-नियुक्त संयोजक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अध्ययन परिषद की पहली बैठक 15 अक्टूबर 2025 को पूर्वाह्न 11:30 बजे विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक में मनोविज्ञान विषय के शैक्षणिक उन्नयन, पाठ्यक्रम सुधार और विभाग के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रों के एक दल ने डॉ. मनोज कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। स्वागत करने वाले छात्रों में आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, रोहित, कल्पना, जिकरा, असलम, सना, अंकित आदि शामिल रहे। छात्रों ने विश्वास जताया कि डॉ. सिंह के नेतृत्व में मनोविज्ञान विभाग नई ऊँचाइयों को छुएगा और शिक्षण-अधिगम की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कुलपति प्रो. वंदना सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विश्वविद्यालय के नियमों और छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए मनोविज्ञान विभाग को उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अध्ययन परिषद में कुल छह सदस्यों की समिति का गठन भी किया गया है।