गाजीपुर| उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-05” के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों — जमानियां, जंगीपुर, शादियाबाद, सादात, रेवतीपुर, बिरनो, करीमुद्दीनपुर, मरदह, सुहवल, बडे़सर एवं अन्य थानों में पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों — 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (बाल हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1930 (साइबर क्राइम), 112 (आपातकालीन सेवा), 102 एवं 108 (स्वास्थ्य सेवाएं) — की जानकारी आम जनता को दी गई। इसके साथ ही मिशन शक्ति केंद्रों द्वारा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ के सहयोग से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए प्रेरित किया गया। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील इलाकों में भ्रमण व चेकिंग कर शोहदों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। वहीं वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर जाति, धर्म या शासकीय शब्द/प्रतीक चिह्न अंकित करने वाले तथा स्टंट करने वालों के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई।