गाजीपुर| महिला सशक्तिकरण अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विकास खंडों में आशा कार्यकत्रियों एवं महिलाओं के साथ गोष्ठियों और विद्यालयों में जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विकास खंड देवकली, भदौरा, मनिहारी, जखनियां सहित अन्य क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में आशा कार्यकत्रियों एवं महिलाओं को जागरूक किया गया।
विकास खंड जखनियां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकत्रियों एवं महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना एवं समाज में उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, महिला कल्याण विभाग के प्रतिनिधि, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, आशा कार्यकत्रियां एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने आशा कार्यकत्रियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।