गाजीपुर| जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति फेज-05 के अंतर्गत युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, गाजीपुर के तत्वावधान में जनपद के विभिन्न विकास खंडों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारियों के निर्देशन में पी.आर.डी. स्वयंसेवकों एवं महिला मंगल दलों के माध्यम से किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। विशेष कार्यक्रम क्रमशः ग्राम पंचायत खारा (विकास खंड बाराचवर), श्री चन्द्रेश्वरी पूर्व माध्यमिक विद्यालय कासिमाबाद, तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय सकरा (विकास खंड सदर) में आयोजित किए गए। इस दौरान छात्राओं और महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी, सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा हर चुनौती का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन 112 और चाइल्ड लाइन 1098 पर कॉल कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।