गाजीपुर| जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में ‘निपुण भारत मिशन’ एवं जिला अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में निपुण भारत मिशन की समीक्षा की गई और शिक्षक उपस्थिति को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत 19 पैरामीटर्स में जो भी असंतृप्त रह गए हैं, उन्हें पूर्ण कराने हेतु खंड शिक्षा अधिकारियों को खंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने अकादमिक रिसोर्स पर्सन (ए0आर0पी0) के रिक्त पदों पर द्वितीय चरण के चयन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के लिए जिला समन्वयक प्रशिक्षण को निर्देशित किया। साथ ही, जनपद के परिषदीय जर्जर विद्यालयों का आंकलन त्रिस्तरीय सदस्यीय समिति से जल्द पूरा कराते हुए जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स को लक्ष्य के अनुसार निरीक्षण करने और विद्यालयी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक निर्देश भी प्रदान किए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य राजकीय सिटी इण्टर कालेज, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक और एस0आर0जी0 उपस्थित रहे।