जमानियां| नगर के स्टेशन बाजार क्षेत्र में बुधवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया और क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने भ्रमण कर अवैध रूप से पटाखों की दुकान लगाने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापार मंडल के अध्यक्ष के साथ बैठक कर स्पष्ट किया कि पटाखों की दुकान लगाना चाहने वाले सभी दुकानदारों के लिए नियमानुसार आवेदन कर अस्थायी लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकृत अस्थायी पटाखा दुकानें केवल स्टेशन के रामलीला मैदान में ही लगाई जाएंगी, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा प्रशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें नियमित रूप से गश्त करेंगी और किसी भी तरह की अवैध बिक्री या भंडारण पर तत्काल विधिक कार्रवाई की जाएगी।