गाजीपुर| मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग, गाजीपुर द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला शिक्षिकाओं का प्रेरणादायक सम्मान समारोह आज विकास भवन, गाजीपुर में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी गाजीपुर एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित हुआ। समारोह का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और समाज सेवा को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई। इसके उपरांत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गाजीपुर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यह रहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को प्रतीकात्मक रूप से प्रशासनिक भूमिकाएँ सौंपी गईं। उन्हें क्रमशः जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी (सदर एवं नगर) तथा खंड शिक्षा अधिकारी (सैदपुर) की भूमिकाओं में सम्मानित किया गया। छात्राओं को विशेष आसनों पर विराजमान कर माल्यार्पण एवं अभिनंदन किया गया, जो महिला सशक्तिकरण का सशक्त प्रतीक बना।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं के आत्मनिर्भरता एवं समाज सेवा से जुड़े संदेशों को जीवंत प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया। इसी क्रम में जिले के 16 ब्लॉकों एवं नगर क्षेत्र से बेसिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे समारोह में उत्साह का माहौल व्याप्त रहा। समापन सत्र में सम्मानित शिक्षिकाओं ने मिशन शक्ति अभियान से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभव एवं विचार साझा किए, जिससे कार्यक्रम प्रेरणादायक बन गया। यह आयोजन न केवल शिक्षिकाओं के अमूल्य योगदान को सम्मानित करता है, बल्कि भावी पीढ़ी को सशक्त नेतृत्व और समान अवसरों की दिशा में प्रेरित भी करता है। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सदर एवं नगर श्री आलोक कुमार तथा खंड शिक्षा अधिकारी सैदपुर श्री उदय प्रताप राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मानित शिक्षिकाओं में श्रीमती सपना राय, श्रीमती रीतु श्रीवास्तव, श्रीमती माया सिंह, श्रीमती मंजू राय, श्रीमती रिंकू सिंह, श्रीमती सुमन यादव, श्रीमती कविता तिवारी, श्रीमती सरोज भारती, श्रीमती प्रियंका आदि शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गाजीपुर के स्टाफ सदस्य, छात्राएँ एवं व्यायाम शिक्षक श्री अश्विनी कुमार राय भी उपस्थित रहे।