गहमर| बार एसोसिएशन का क्रमिक धरना प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ता अजय कुमार राय से संबंधित प्रकरण में प्रशासन द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश देखा गया।
धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने थाना गहमर में अजय कुमार राय के विरुद्ध दर्ज झूठी एफआईआर के विरोध में जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ता तहसील मुख्य द्वार के सामने दोपहर से शाम चार बजे तक धरने पर बैठे रहे। धरने के दौरान महामंत्री अमरनाथ राम ने कहा कि अधिवक्ताओं को न्याय दिलाने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “जब तक अधिवक्ता अजय कुमार राय के प्रार्थना पत्र पर उचित कार्रवाई नहीं होती, धरना समाप्त नहीं होगा। एफआईआर दर्ज कराना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन अधिवक्ताओं को इस अधिकार से वंचित किया जा रहा है, जो न्याय के मूल सिद्धांतों के विपरीत है।”
अधिवक्ता अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, कमलकांत राय, सुनील यादव, संजय यादव, घनश्याम सिंह, फैसल होदा, मुनेश सिंह, रमेश राम, बृजेश ओझा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। धरना स्थल पर पूरे दिन नारेबाजी और प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया जाता रहा।