गाजीपुर| जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार की अध्यक्षता में रायफल क्लब सभागार में जिला सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई और समस्त अधिकारीगण स्वयं बैठक में प्रतिभाग करने हेतु निर्देशित किए गए।
बैठक में यह निर्देश दिए गए कि अधिकारियों को कृत कार्यवाही का विस्तृत विवरण फोटोग्राफ्स सहित क्रमिक माह एवं पिछले वर्ष के तुलनात्मक विवरण के साथ प्रस्तुत करना होगा।
सड़क सुरक्षा संबंधी प्रमुख निर्देश:
जिलाधिकारी द्वारा जिले के समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि सड़कों के दोनों ओर झाड़ियों की छटाई कराई जाए।
हिट-एंड-रन मामलों पर जागरूकता बढ़ाने हेतु पुलिस विभाग कार्यशाला आयोजित करेगा और प्रभावित व्यक्तियों को परिवहन विभाग में आवेदन हेतु जानकारी देगा।
परिवहन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मासिक पैरेन्ट्स-टीचर मीटिंग में सड़कों के सुरक्षा नियमों की जानकारी हस्तशिल्प सामाग्री (हैंडविल) के माध्यम से देने हेतु निर्देशित किया गया।
वित्तविहीन मान्यता प्राप्त स्कूलों में भी सड़क सुरक्षा दिशा-निर्देशों का 100% अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
स्कूलों के वाहनों की फिटनेस और परमिट की समीक्षा कर, गैर-मान्य वाहनों से बच्चों के परिवहन पर रोक लगाई जाएगी। आउटसोर्सिंग वाहनों की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होगी।
छात्र जिनके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, वे दोपहिया वाहन लेकर स्कूल नहीं आएंगे। लाइसेंस धारक छात्र हेलमेट पहनेंगे। नियमों का उल्लंघन होने पर अभिभावकों को सूचित किया जाएगा।
स्कूलों में एक इंटरनल ट्रैफिक रूल्स कमेटी का गठन किया जाएगा, जो मासिक अनुश्रवण जिला अधिकारी कार्यालय को प्रस्तुत करेगी।
आपातकालीन सेवाओं और अवैध पार्किंग:
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को “गोल्डेन ऑवर” में चिकित्सा केन्द्र पहुंचाने हेतु 37 एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं।
हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग की अनुमति होगी, अन्यत्र पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टोल प्लाजाओं पर अवैध पार्किंग की सूचना उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।
अन्य निर्देश:
वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट न पहनना, मोबाइल का प्रयोग, नशे में वाहन चलाना और दोपहिया पर हेडमेट न पहनना जैसी लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जिले के 17 ब्लैक स्पॉट पर स्थलीय निरीक्षण कर सुधार कार्य तत्काल किया जाएगा।
स्थानीय लोगों द्वारा राष्ट्रीय मार्गों पर अवैध कट बनाने पर तुरंत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
वीर अब्दुल हमीद सेतु पर केबिल चोरी की घटनाओं में जिम्मेदारी तय की जाएगी।
राष्ट्रीय मार्गों पर पटरियों की मरम्मत और गड्ढों की तुरंत सुधारी की जाएगी।
बैठक का संचालन सहायक अभियंता श्री अनुराग यादव ने किया। बैठक में लो0नि0वि0 के अधिशासी अभियंता श्री बी.एल. गौतम, श्री जे.पी. यादव, यातायात निरीक्षक, परिवहन विभाग, एनएचएआई, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम और बस/ट्रक यूनियन के अधिकारी उपस्थित रहे।