गाजीपुर| उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की महत्वपूर्ण योजना “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों — नन्दगंज, खानपुर, जमानिया, शादियाबाद, दुल्लहपुर, रेवतीपुर, बिरनो, भुड़कुड़ा, जंगीपुर, नगसर हाट आदि में पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 1076, 1930, 112, 102, 108 की जानकारी आमजन को दी और इनके उपयोग के प्रति प्रोत्साहित किया। साथ ही, रेलवे स्टेशन पर मिशन शक्ति केन्द्र द्वारा जीआरपी एवं आरपीएफ के सहयोग से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जागरूकता दी गई। इसके अतिरिक्त, पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाकर शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई की। वहीं, जनपद में वाहन चेकिंग अभियान भी संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, धार्मिक या जातिगत प्रतीक चिन्ह, तथा स्टंट करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।