गाजीपुर| मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी के नेतृत्व में “नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक श्रीमती प्रियंका प्रजापति ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि “वन स्टॉप सेंटर योजना” उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके अंतर्गत हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सा, कानूनी, पुलिस एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श जैसी एकीकृत सेवाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना संकटग्रस्त महिलाओं को अस्थायी आश्रय, पुलिस सहायता एवं आवश्यक सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करना है।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती गीता श्रीवास्तव ने छात्राओं को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड एवं सामान्य) तथा मिशन वात्सल्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को शोषण, उपेक्षा और परित्याग से बचाकर सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। महाविद्यालय की मिशन शक्ति प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. शशि कला जायसवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें इन योजनाओं की जानकारी रखनी चाहिए और आवश्यकतानुसार इनसे लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि ये योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा के उद्देश्य से चलाई जा रही हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मिशन शक्ति के उद्देश्यों को साकार करने में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनसीसी की 78 कैडेट्स, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) तथा अन्य विभागों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।