गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष उज्ज्वला लाभार्थियों को वर्ष में दो बार—दीवाली एवं होली पर—निःशुल्क सिलेण्डर रिफिल प्रदान किए जाते हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम चरण के तहत अक्टूबर से दिसम्बर 2025 तक तथा द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च 2026 तक रिफिल दिए जाने हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन सभागार, लखनऊ से 1.86 करोड़ लाभार्थियों के खातों में राज्य सरकार की सब्सिडी के अंतरण का शुभारम्भ किया गया। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर में भी 250 उज्ज्वला लाभार्थियों को आर.टी.आई. सभागार गाजीपुर में निःशुल्क सिलेण्डर वितरण का समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा0 सांसद (राज्यसभा) श्रीमती संगीता बलवन्त जी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती सपना सिंह, मा0 विधायक जखनियां श्री बेदी राम तथा मा0 अध्यक्ष नगरपालिका परिषद श्रीमती सरिता अग्रवाल सम्मिलित रहीं।
योजना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य
जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में 66 घरेलू गैस एजेंसियाँ कार्यरत हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद में 3,16,316 सक्रिय लाभार्थी हैं, जिनमें से 2,87,887 लाभार्थियों ने अपने बैंक खाते को आधार से लिंक करा लिया है और 2,56,025 लाभार्थियों ने ई-केवाईसी पूर्ण कर ली है। उन्होंने बताया कि लाभार्थी पहले उपभोक्ता दर पर गैस रिफिल प्राप्त करेंगे, जिसके 4 से 5 दिन बाद केंद्र व राज्य सरकार की पृथक-पृथक सब्सिडी उनके आधार-लिंक्ड खाते में हस्तांतरित की जाएगी। प्रति भरे सिलेण्डर का मूल्य ₹925 है, जिसमें भारत सरकार की सब्सिडी ₹363.33 एवं राज्य सरकार की सब्सिडी ₹561.67 है। जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी बताया कि योजना डी.बी.सी. (दूसरे सिलेण्डर कनेक्शन) पर लागू नहीं होगी। साथ ही आधार प्रमाणीकरण व ई-केवाईसी न कराने वाले लाभार्थियों को शीघ्र सत्यापन हेतु एसएमएस एवं कॉल के माध्यम से सूचित किया जा रहा है।
अतिथियों के विचार
मुख्य अतिथि मा0 सांसद श्रीमती संगीता बलवन्त ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों के लिए एक वरदान सिद्ध हो रही है। इससे न केवल महिलाओं को धुएं से होने वाली बीमारियों से मुक्ति मिली है, बल्कि उनके जीवन में स्वच्छता, सम्मान और सुविधा भी आई है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम है। मा0 विधायक बेदी राम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गरीब कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। अब महिलाएँ धुएं से मुक्ति पाकर स्वच्छ वातावरण में जीवन यापन कर रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि दीपावली प्रकाश का त्योहार है और उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों के जीवन में प्रकाश और नई आशा लेकर आई है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र परिवार को इस योजना का लाभ मिले।
नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मार्ग पर चलते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुँचा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया और मातृत्व शक्ति के सम्मान का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, लिपिक, गैस एजेंसी संचालक, पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा भारी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।