गाज़ीपुर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आज जनपद गाज़ीपुर में बीसी सखी संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, वन स्टॉप सेंटर मैनेजर सुश्री प्रियंका प्रजापति, सीएचएल समन्वयक संतोष सिंह एवं बाल संरक्षण अधिकारी सुश्री गीता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के कार्मिकों तथा जनपद की विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की बैंक सखियों ने सहभागिता की। अधिकारियों द्वारा महिलाओं को मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित योजनाओं, महिला हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 1076, 102, 108), साइबर सुरक्षा एवं वित्तीय साक्षरता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान बैंक सखियों को बैंकिंग सेवाओं में उनकी भूमिका, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान एवं ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों हेतु प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना रहा।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों — मरदह, मनिहारी, बराचवर, बिरनों, मुहम्मदाबाद, जखनियां आदि में भी मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में महिलाओं की विशिष्ट उपलब्धियों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया तथा विद्यालयों में बच्चों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त यूपी ट्रेड स्वदेशी मेला, लंका (गाजीपुर) में उद्योग विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर 05 महिलाओं को सिलाई मशीन, 02 महिलाओं — शीतल यादव एवं बिंदु कुमारी — को लोन प्रदान किया गया तथा **02 महिला उद्यमियों — रेहाना परवीन एवं फातिमा खातून — को उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मान से सम्मानित किया गया।