गाजीपुर| अपर उपजिलाधिकारी (नि.रा.अ. 376) जंगीपुर ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को पत्र प्रेषित कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार सभी बीएलओ द्वारा बीएलओ ऐप के माध्यम से वर्ष 2003 से 2025 तक की मतदाता सूची की मैपिंग का कार्य कराया जा रहा है। किंतु संबंधित सुपरवाइजर एवं बीएलओ द्वारा कार्य पूर्णतः शून्य पाया गया है, जो कि घोर अनुशासनहीनता एवं लापरवाही का परिचायक है। अपर उपजिलाधिकारी ने ऐसे कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश देते हुए कहा है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही तत्काल प्रारंभ की जाए तथा की गई कार्रवाई की सूचना लौटती डाक से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गाजीपुर एवं अधोहस्ताक्षरी को प्रेषित की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित अधिकारियों द्वारा लापरवाह बीएलओ के विरुद्ध समय से कार्यवाही नहीं की गई, तो उसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी और इसकी आख्या जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी जाएगी।