गाजीपुर| उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण हेतु संचालित “मिशन शक्ति” अभियान फेज-05 के तहत आज जनपद गाजीपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मिशन शक्ति अभियान को सार्थक बनाने के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, मिशन शक्ति केन्द्रों के सहयोग से रेलवे स्टेशन पर जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं जागरूकता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। अभियान के तहत पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग कर शोहदों के विरुद्ध कार्यवाही की। साथ ही, थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया, जिसमें हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, नंबर प्लेट पर जाति, धर्म या शासकीय प्रतीक अंकित करने वालों तथा स्टंट करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।