जमानियां। क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर एक युवक पर आरोप लगाया है कि उसने नाबालिग को अपने साथ लेकर फरार हो गया।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ समय से गांव में ही रह रहा था और मोबाइल फोन के माध्यम से लड़की से संपर्क में था। बताया गया कि 13 अक्टूबर की दोपहर करीब दो बजे नाबालिग घर से अचानक लापता हो गई। साथ ही बड़ी पुत्री की शादी के लिए रखा गया पैसा भी अपने साथ ले गई। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन नाबालिग का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना कोतवाली में दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को नाबालिग की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भेजा गया है।