जमानियां। नगर पालिका परिषद जमानियां के वार्ड नंबर एक हरिजन बस्ती हरपुर के सदस्य पद के लिए हुए उपचुनाव में आसिम खान ने विजय हासिल की। शुक्रवार को सम्पन्न मतगणना में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विकास यादव को 16 मतों के अंतर से पराजित किया।
उपचुनाव में कुल छह प्रत्याशी मैदान में रहे। मतगणना के अनुसार आसिम खान को 193 मत, विकास यादव को 177 मत, रामजी राम को 68 मत, एहसान अली को 53 मत, जैनुद्दीन को 10 मत तथा खुर्शीद आलम को 1 मत प्राप्त हुआ। इसके अलावा दो मत नोटा के पक्ष में गए, जबकि 35 मत अवैध घोषित किए गए।
चुनाव अधिकारी कलिका कुमार ने परिणाम घोषित करते हुए आसिम खान को विजेता घोषित किया। पूरी मतगणना शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में सम्पन्न हुई। इस दौरान उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार रामनारायण वर्मा, कर निरीक्षक विजय शंकर राय, अन्य तहसील कर्मी एवं पुलिस बल के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। विजय की घोषणा के बाद समर्थकों ने आसिम खान का फूल-मालाओं से स्वागत किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इज़हार किया।