गाजीपुर| महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। थाना क्षेत्र रेवतीपुर, शादियाबाद, सादात, बिरनो और मुहम्मदाबाद के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों में ग्रामीण महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। इस दौरान जागरूकता रैली भी निकाली गई तथा महिलाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालयों में बालिकाओं और बच्चों को महिला सुरक्षा संबंधी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — 112, 1090, 181, 1076, और 108 — की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति केंद्र थाना शादियाबाद में महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं तथा प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इसी क्रम में मिशन शक्ति टीम मुहम्मदाबाद ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की, वाहन चेकिंग अभियान चलाया और नियम विरुद्ध वाहनों का चालान किया। वहीं शादियाबाद मार्केट में मिशन शक्ति टीम ने स्थानीय महिलाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग तथा ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिकों की सक्रिय उपस्थिति रही। इस अवसर पर शिक्षिकाओं, बालिकाओं और अन्य महिलाओं को उनकी विशेष उपलब्धियों हेतु सम्मानित किया गया और उनके प्रयासों की सराहना की गई।