गाजीपुर| जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन आज तहसील सेवराई में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा की उपस्थिति में तहसील सभागार में सम्पन्न हुआ। इस दौरान कुल 61 शिकायतें/प्रार्थनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 09 का मौके पर निस्तारण किया गया। जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 265 शिकायतें/प्रार्थनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 33 का निस्तारण मौके पर किया गया।
तहसीलवार प्राप्त शिकायतों एवं निस्तारण की स्थिति इस प्रकार रही—
तहसील सदर में 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, मौके पर कोई निस्तारण नहीं हुआ। तहसील मुहम्मदाबाद में मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील जखनियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 का निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 का मौके पर निस्तारण हुआ। तहसील सैदपुर में 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील जमानियां में 48 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। उन्होंने शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु अग्रसारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी एवं आपसी विवादों के समाधान में आपसी समन्वय स्थापित करें ताकि शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके। साथ ही, तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करें और किसी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव, तहसीलदार सेवराई, क्षेत्राधिकारी जमानियां सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।