गाजीपुर| महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों — रेवतीपुर, शादियाबाद, सादात, बिरनो और मुहम्मदाबाद — के ग्राम पंचायतों में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीण महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। विद्यालयों में छात्राओं और बच्चों को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों — 112, 1090, 181, 1076 और 108 — की जानकारी दी गई।
मिशन शक्ति केंद्र थाना शादियाबाद में महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं तथा प्रशासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी क्रम में थाना मुहम्मदाबाद की मिशन शक्ति टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और वाहन चेकिंग की कार्रवाई की तथा नियमों के उल्लंघन पर चालान भी किया। थाना शादियाबाद की टीम द्वारा स्थानीय मार्केट में महिलाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायत स्तर के कार्मिकों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं, बालिकाओं एवं अन्य महिलाओं को विशेष उपलब्धियों हेतु सम्मानित किया गया और उनके प्रयासों की सराहना की गई।