जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 19 में मंगलवार की सुबह एक किशोर पर शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने लाठी से हमला कर घायल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु राय सुबह करीब 11:30 बजे पान की दुकान जा रहा था, तभी मल्लाह टोली निवासी पवन चौधरी ने रास्ते में उसे गाली-गलौज करते हुए लाठी से प्रहार कर दिया। अचानक हुए हमले में हिमांशु के दाहिने हाथ के अंगूठे के बीच तथा शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
शोरगुल सुनकर उसका चाचा मनोज कुमार राय मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इस दौरान आरोपी ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घायल के पिता अक्षय कुमार राय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।