जमानिया। लोक आस्था का महापर्व डाला छठ शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए मंगलवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने जमानिया क्षेत्र स्थित महर्षि यमदग्नि परशुराम उर्फ बलुआ गंगा घाट तथा चक्काबांध घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, प्रकाश व्यवस्था तथा स्नान उपरांत वस्त्र परिवर्तन के लिए बनाए गए अस्थायी स्थलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सुरक्षा की दृष्टि से नदी में बैरिकेडिंग, नाव, एम्बुलेंस, खोया-पाया कंट्रोल रूम, गोताखोर और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में कोई भी व्रती महिला बैरिकेडिंग के बाहर पूजा न करे, इस पर विशेष सतर्कता रखी जाए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार रामनारायण वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता, कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।