गाजीपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल जनपद गाजीपुर के प्रयास से शिकायतकर्ता संदीप कुमार सिंह, निवासी गौतम बुद्ध नगर कॉलोनी, माल गोदाम रोड, गाजीपुर के साथ हुई ऑनलाइन ठगी की 1.50 लाख रुपये की धनराशि वापस कराई गई।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिंह के साथ यूपीआई के माध्यम से 1.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर दर्ज कराई। सूचना मिलते ही साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा एवं उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंकिंग चैनलों के माध्यम से ठगी की पूरी रकम वापस कराई। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने साइबर सेल टीम की सराहना की और लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।