जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के दवैथा पुलिस चौकी अंतर्गत घरोहिया गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 26 वर्षीय विवाहिता कविता यादव अपने ससुराल के कमरे में पंखे के हुक से लटकती मिली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। ससुराल और मायके पक्ष में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई विशाल यादव, निवासी बारा (थाना गहमर), ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। भाई के अनुसार, कविता की शादी 22 नवंबर 2024 को राम नरेश यादव से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। विशाल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही उसकी बहन की विदाई हुई थी, लेकिन दहेज के लिए उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा और अंततः उसकी जान ले ली गई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।