जमानियां। कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पति रामनरेश यादव (30) निवासी घरोहिया गांव को गुरुवार को सिद्धनाथ बाबा मंदिर, करमहरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी अज्ञात स्थान पर भागने की फिराक में सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। थाने लाकर पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उसे चालान कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में नामजद अन्य तीन फरार आरोपितों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि बीते मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के देवैथा चौकी अंतर्गत घरोहिया गांव में 26 वर्षीय नवविवाहिता कविता यादव अपने ससुराल के कमरे में पंखे के हुक से लटकती मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतका के भाई विशाल यादव ने इस मामले में पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसकी बहन को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।