जमानिया। क्षेत्र के स्टेशन रोड, चक्काबांध मार्ग स्थित सिंचाई विभाग डाक बंगला के पास शुक्रवार की सुबह सेल टैक्स विभाग की टीम ने कर चोरी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। टीम ने ट्रांसपोर्ट की तीन गाड़ियों को रोककर उनके कागजातों की बारीकी से जांच की।
सूत्रों के अनुसार, विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ ट्रांसपोर्ट वाहनों के माध्यम से बिना टैक्स चुकाए माल की ढुलाई की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर राज्यकर अधिकारी सुबास चंद्रा के नेतृत्व में टीम ने अचानक चेकिंग अभियान शुरू किया। जांच के दौरान कई गाड़ियों को रोका गया और उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
इस दौरान तीन वाहनों के कागजात संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद उन्हें कब्जे में ले लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पकड़ी गई गाड़ियों में लदे माल का सत्यापन किया जा रहा है। यदि टैक्स चोरी या किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित ट्रांसपोर्ट कंपनियों और वाहन स्वामियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी वाहनों को गाजीपुर राज्यकर कार्यालय भेज दिया गया है, जहां विस्तृत जांच की जाएगी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक और ट्रांसपोर्ट संचालक जांच से बचने के लिए रास्ता बदलते हुए देखे गए। विभागीय टीम ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कर चोरी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। वहीं, स्थानीय व्यापारियों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की नियमित जांच होती रहे तो अवैध व्यापार और टैक्स चोरी की घटनाओं में काफी कमी आएगी।